रणविजय /पौआखाली:
नगर पंचायत पौआखाली से सटे बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत मोहम्मद नगर पंचायत के नारियलबाड़ी गांव में मंगलवार से श्री श्री 108 अखंड हरिनाम संकीर्तन समारोह का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा आयोजन के साथ हो गया है. शोभायात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं एवम अन्य श्रद्धालुओं ने भाग लिया. सिर पर कलश धारण किए 251 महिलाएं पारंपरिक परिधानों में नजर आईं. जय श्रीराम और हरे कृष्ण, हरे राम के उद्घोष से नारियलबाड़ी गांव, दलबाड़ी गांव समेत नगर पंचायत पौआखाली के पवना स्थित बूढ़ी कनकई नदी तक पूरा वातावरण गुंजायमान रहा.
चिलचिलाती धूप की गर्मी से राहत प्रदान करने हेतु दलबाड़ी गांव में समाजसेवियों के सौजन्य से कलश व्रतियों के लिए शीतल पेयजल शरबत आदि का इंतजाम भी किया गया था. ढोल गाजे-बाजे के साथ कलश शोभायात्रा में शामिल महिला श्रद्धालु पुरोहित के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलशों में जल भरकर पुनः गांव के पूजा मंडप के लिए प्रस्थान कर गई. इस दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु बहादुरगंज पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहें.
शोभायात्रा में शामिल आयोजनकर्ता बाबुल सिन्हा, करण सिन्हा, शुभम सिन्हा, राहुल सिन्हा, तपन सिन्हा, मुकेश सिन्हा आदि ने बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान शुक्रवार अपराह्न तीन बजे तक जारी रहेगा. इसमें बिहार बंगाल से आई सुप्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों के द्वारा अखंड हरिनाम संकीर्तन का जाप होता रहेगा. अगले 72 घंटे तक गांव में श्रद्धा-भक्ति और आस्था का समागम दिखेगा.
इधर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासी तन,मन,धन से समर्पित हैं. ग्रामवासी निरोध कुमार सिन्हा, बिनोद कुमार सिन्हा, प्रमोद कुमार सिन्हा, शंकर सिन्हा, जयदेव सिन्हा आदि ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गांव के पावन भूमि पर अखंड हरिनाम संकीर्तन समारोह का आयोजन का शुभारंभ किया गया है और इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना के साथ ही समाज में सुख शांति एवम समृद्धि लाना है.





























