रणविजय /पौआखाली:
पौआखाली पुलिस ने थानाध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के रसिया गांव से एक ट्रैक्टर को जब्त किया है. मंगलवार के दिन पुलिस प्रशासन के द्वारा की गई इस कार्रवाई में एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से मिट्टी लादकर परिवहन करने के दौरान जब्त कर लिया गया है. थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि अग्रेतर कार्रवाई हेतु जब्त ट्रैक्टर के विरुद्ध खनन एवम परिवहन विभाग को सूचना एवम प्रतिवेदन प्रेषित की गई है.
इस कार्रवाई से मिट्टी के अवैध कारोबारियों और ट्रैक्टर चालकों में हड़कंप मच गया है. गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के रसिया इलाके और उनसे सटे बांसबाड़ी इलाके में प्रत्येक सीजन में करीब दर्जनों ट्रैक्टर ट्रालियों में मिट्टी का अवैध परिवहन कर नजदीकी ईंट भट्ठों में ऊंचे दामों में बेची जाती है. इन इलाकों में जेसीबी मशीनों से उपजाऊ भूमि की खुदाई कर मिट्टी का अवैध खनन और परिवहन बेरोकटोक जारी है.
कई बार खबरें प्रकाशित करने के बाद भी खनन विभाग की छापेमारी इन क्षेत्रों में नही होना अपने आपमें सवाल तो खड़ा कर ही रहा है साथ ही स्थानीय थाना पुलिस के द्वारा इतने दिनों बाद की गई कार्रवाई को स्थानीय ग्रामीण नाकाफी बताया है.
स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि लगातार कार्रवाई होनी चाहिए जिससे कि इलाके की उपजाऊ भूमि का संरक्षण तो हो ही और साथ ही उड़ते धूल कण से हवा में फैले प्रदूषण को रोका जा सके.





























