महावीर जयंती पर भगवान को सिंहासन पर बिठाकर निकाली गयी प्रभातफेरी

SHARE:

जियो और जीने दो के पावन नारों से गुंजायमान हुआ बारसोई नगर

बारसोई /कटिहार – जैन धर्म के 24 वें और अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती के पावन अवसर पर मंगलवार को दिगंबर जैन मंदिर बारसोई की ओर से प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। जब सुबह की पहली किरण धरती को छू रही थी तभी बारसोई की गलियाँ एक दिव्य उदघोष से जाग उठीं “जियो और जीने दो। सूर्योदय से पूर्व ही मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। धूप, दीप और पुष्पों से सजे भगवान महावीर के सिंहासन के समक्ष श्रद्धालु नतमस्तक हो उठे।

मंदिर का वातावरण आस्था और भक्ति की सुगंध से महक उठा।तत्पश्चात भगवान महावीर की पवित्र प्रतिमा को भव्य सिंहासन पर स्थापित कर ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की मधुर ध्वनि के साथ शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुज़री।

जैन धर्मावलंबियों के साथ विभिन्न समाजों के श्रद्धालु भी इस यात्रा में सम्मिलित हुये। यह दृश्य सच्चे सामाजिक सद्भाव का जीवंत प्रमाण था। चारों दिशाओं में गूँजती रही सत्य, अहिंसा, त्याग और बलिदान” की पुकार, प्रभातफेरी पुनः जैन मंदिर पहुँचकर सम्पन्न हुई। जहाँ उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के जीवन-आदर्शों अहिंसा, सत्य,अपरिग्रह और अनेकांत पर चलने का दृढ़ संकल्प लिया।शोभायात्रा में दिगंबर जैन समाज के विजय जैन, रूपचंद जैन, तेजपाल जैन,पदम जैन, दिलीप जैन,गौतम जैन, जयप्रकाश जैन, टिल्लू जैन सहित सरला देवी, बसंती देवी, अनिता देवी, इन्द्रा देवी, पुष्पा देवी, प्रीति जैन, प्रियंका जैन, आशा जैन एवं समाज के अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई