कटिहार – बिहार के लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सात निश्चय-03 के तहत हर खेत तक सिंचाई का पानी कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जायेगा| विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल द्वारा बिहार विधान परिषद् में पूछे गए सवालों का लघु जल संसाधन मंत्री जवाब दे रहे थे|
विधान पार्षद ने सदन कक बताया कि कटिहार विधान परिषद क्षेत्र में नहरें तो हैं लेकिन इन नहरों से किसानों के खेतों की समुचित सिंचाई क्यों नहीं हो पा रही है| किसानों के हर खेत तक सिंचाई और बिजली की सुविधा पहुंचाने को लेकर सरकार के पास कई सारी योजनायें हैं| किसानों के खेतों तक सिंचाई और बिजली पहुंचाने की योजना है तो इसे अब तक धरातल पर उतारा जाना चाहिए|
हर खेत को पानी और बिजली के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के सवाल पर मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा हर खेत तक सिंचाई का पानी योजना अंतर्गत अनुदान आधारित मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना अंतर्गत कटिहार विधान परिषद् क्षेत्र में निजी नलकूपों के अधिष्ठापन के बाद कुल 104 लाभुक कृषकों को डीबीआई के माध्यम से राशि हस्तानांतरित की गई है जिससे लगभग 520 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता के सृजन हुआ है|
इस कार्यक्रम अंतर्गत क्रियान्वित की गई योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है| किसानों के खेतों की समुचित सिंचाई के लिए बिजली और नहरों के सम्बन्ध में मंत्री ने कहा कि यह मामला ऊर्जा विभाग और जल संसाधन विभाग से सम्बंधित है।




























