बारसोई न्यायालय व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा,हाईकोर्ट के न्यायाधीश ने लिया जायजा

SHARE:

प्रस्तावित न्यायालय भवन निर्माण को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बारसोई / कटिहार – पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अरुण कुमार झा ने शनिवार को बारसोई व्यवहार न्यायालय पहुंचकर न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, न्यायिक कार्य संचालन व्यवस्था तथा भविष्य की आवश्यकताओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में न्यायाधीश ने बार एसोसिएशन बारसोई में अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर न्यायिक कार्यों में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। अधिवक्ताओं द्वारा न्यायालय भवन के विस्तार,अधिवक्ता कक्ष,बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। न्यायाधीश ने संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

इसके उपरांत न्यायाधीश श्री झा ने बारसोई न्यायालय के लिए प्रस्तावित भूमि का स्थल निरीक्षण कर निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया। उन्होंने उपस्थित प्रशासनिक पदाधिकारियों को भूमि से संबंधित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा न्यायालय भवन निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि ईद के तुरंत बाद न्यायालय का भवन निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कहा।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार,अंचलाधिकारी श्यामसुंदर साह, बारसोई थाना अध्यक्ष उमेश कुमार सहित बारसोई अधिवक्ता संघ के अधिवक्ता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। न्यायाधीश के इस दौरे को बारसोई अनुमंडल में न्यायिक ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं आम लोगों को बेहतर न्यायिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई