कटिहार कोर्ट – पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह कटिहार व्यवहार न्यायालय के निरीक्षण जज अरुण कुमार झा का अधिवक्ता संघ भवन में शुक्रवार को भव्य स्वागत किया गया। निरीक्षण कार्य हेतु कटिहार पहुंचे न्यायमूर्ति झा ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न न्यायालयों का जायजा लिया तथा अधिवक्ता संघ के सदस्यों से संवाद किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि न्यायालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को समय पर एवं सुलभ न्याय मिलना चाहिए। बेहतर समन्वय और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ संचालन पर बल देते हुए उन्होंने त्वरित न्याय सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई।
संघ की ओर से उन्हें बुकलेट भेंट कर सम्मानित किया गया। इस क्रम में न्यायमूर्ति श्री झा ने न्यायालय में वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में प्रधान जिला जज रणवीर सिंह सहित कई न्यायिक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।


























