कटिहार में होली को लेकर हुई जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

SHARE:

कटिहार– जिला में होली के पर्व को आपसी भाईचारा एवं गंगा जमुनी तहजीब के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विकास भवन सभागार में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह,महापौर उषा देवी अग्रवाल तथा उपमहापौर मंजूर खान मुख्य रुप से उपस्थित रहे।वहीं बैठक में जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ प्रखंड के जनप्रतिनिधि पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में पर्व को आपसी भाईचारा व गंगा जमुनी तहजीब के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर सदस्यों ने अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिया।

महापौर एवं उप महापौर ने त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में शत-प्रतिशत सहयोग करने का आश्वासन दिया। उप महापौर ने कहा कि मुस्लिम समुदाय का पवित्र माह रमजान चल रहा है। जिसमें लोग दिन में रोजा रखकर सूरज डूबते हीं इफ्तार करते हैं और रात्रि में तराबी की नमाज अदा करने मस्जिद जाते हैं।उन्होंने कहा कि इस दौरान ख्याल रहे कि रोजेदार नमाजियों को रंग या अबीर नही पड़े।पुलिस अधीक्षक श्री चौधरी ने कहा कि पर्व विशेष में विधि-व्यवस्था बनाये रखने को लेकर सरकार एवं मुख्यालय के स्तर से विशेष निगरानी की जा रही है।

इसी के तहत जिला स्तर पर भी विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।उन्होंने कहा कि त्योहार के अवसर पर विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने के लिए डीजे को पूर्ण प्रतिबंधित कर दिया गया है। क्योंकि त्योहार के अवसर पर डीजे में अश्लील गाने के बजाने के कारण ही अक्सर विवाद उत्पन्न हो जाता है।उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्रों के संवेदनशील क्षेत्रों में डीज के उपयोग नहीं करने देने एवं संबंधित लोगों खासकर युवा वर्ग को जागरूक करने का अनुरोध किया।

एसपी ने कहा कि केवल डीजे पर रोक लगाकर हीं विवाद उत्पन्न होने की अधिकतर संभावनाओं पर रोक लगाया जा सकता है।उन्होने प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियो को अपने अपने क्षेत्र में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और अवमानना की स्थिति में डीजे को जब्त करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि अन्य समुदाय के विशेष स्थान पर रंग अबीर छिड़कने नहीं देने के लिए जगहों को चिह्नित कर वहां दंडाधिकारी एवं पुलिस बलों को तैनात किया जाएगा। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाये जाने की परम्परा रही है। इसलिए आगामी होली के त्योहार को भी जिले में शांति एवं भाइचारे के साथ संपन्न कराने में आप सबों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।

उन्होंने कहा कि त्योहार के अवसर पर अधिकतर विवाद अफवाह या असमंजस के कारण ही उत्पन्न होता है।इसलिए उसका तत्काल समाप्त कर दिया जाना आवश्यक होता है।उन्होंने थाना में आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठक में अधिक से अधिक युवा वर्ग को शामिल करने की बात कही।

डीएम ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने को लेकर क्षेत्र में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है।जो हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक कारवाई करेंगे। प्रखंडस्तरीय जनप्रतिनिधियों ने भी पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने की दिशा में अपने स्तर से पहल तथा प्रशासन को अपेक्षित सहयोग करने आश्वासन दिया।

रिपोर्ट:सतेंदु सुमन

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई