कटिहार – बिहार विधानसभा के चालू बजट सत्र के शून्य काल में पूर्व उप मुख्यमंत्री सह कटिहार के सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने सदन का ध्यान शहर के शहीद चौक स्थित कर्पूरी मार्केट के निकट बस स्टैंड की ओर आकृष्ट कराते हुए सरकार से मांग की की कर्पूरी मार्केट के निकट बस स्टैंड की खाली जमीन एवं जर्जर यात्री प्रतीक्षा गृह के स्थान पर मार्केट कंपलेक्स वाहन पार्किंग एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का जनहित में निर्माण कराया जाए।
उन्होंने बताया कि शहीद चौक नगर का मुख्य चौक व हृदय स्थली है। इसके निकट ही नगर थाना ,कपड़ा व्यवसाय से जुड़ा मंगल बाजार ,चिकित्सा सेवा के लिए विख्यात बिनोदपुर,नगर निगम कार्यालय,राजकीय उच्च विद्यालय और सदर अस्पताल होने के साथ ही कपड़ा और किराना व्यवसाय का मुख्य केंद्र बड़ा बाजार जाने का मुख्य पथ होने के कारण भारी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।
लेकिन जन सुविधा के अभाव में लोगों को काफी परेशानी होती है। खाली पड़े बस स्टैंड की जमीन पर मार्केट काम्पलेक्स का निर्माण से जहां लोगों को व्यावसायिक जगह उपलब्ध होगी वही पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होने पर इन क्षेत्रों में जाम की समस्या भी कम होगी।



























