तीन दिवसीय संकीर्तन सह अष्टजाम का भव्य आयोजन, भक्तिमय हुआ माहौल

SHARE:


किशनगंज/प्रतिनिधि


सदर प्रखंड के महेशबथना में शुक्रवार से तीन दिवसीय संकीर्तन सह अष्टजाम का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। इस धार्मिक महोत्सव में भक्तों की लगातार भीड़ जुट रही है, जो क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रही है। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक कलश यात्रा से हुई, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।शुक्रवार सुबह महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल से महानंदा नदी के तट पर जाकर पवित्र जल संग्रह किया।

कलश यात्रा के बाद जल लेकर वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचीं, जहां संकीर्तन और अष्टजाम की शुरुआत हुई। इस दौरान भजन-कीर्तन की मधुर धुनों ने पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी इलाकों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।जिले के विभिन्न हिस्सों के अलावा बाहर से आईं जतरा पार्टियों द्वारा भी निरंतर कीर्तन प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे आयोजन में और अधिक रौनक आ गई है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महेशबथना में हर वर्ष इस तरह का तीन दिवसीय संकीर्तन सह अष्टजाम का आयोजन किया जाता है। भक्तों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

लोग दूर-दूर से परिवार सहित पहुंच रहे हैं और रात्रि जागरण के दौरान भी कीर्तन में शामिल होकर भक्ति रस में डूब रहे हैं। अष्टजाम के दौरान लगातार आठ प्रहर (24 घंटे से अधिक) भजन-कीर्तन चलता है, जो भक्तों को आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा प्रदान करता है।इस अवसर पर आयोजन समिति के प्रमुख चैन लाल सिंह, गौड़ चन्द्र सिंह, प्रीत, राजेश कुमार, जयराम सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई