किशनगंज/प्रतिनिधि
शहर में यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों से रविवार की शाम को दो युवकों के द्वारा दुर्व्यवहार का मामला प्रकाश में आया है।मामले में दो युवकों के विरुद्ध सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।जिसमें तीन पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें भी आईं थीं। जबकि यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार यातायात थाना किशनगंज में तैनात पुलिसकर्मी बिजेंद्र कुमार गौतम रविवार को शाम 7 बजे के आसपास देव घाट पुल के पास जाम छुड़वा रहे थे।
इस दौरान एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति वहां आए। पुलिसकर्मी ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक बीच सड़क पर खड़ी कर जाम और बढ़ा दिया।इस बीच दोनों युवक पुलिसकर्मी से उलझ गए। दो और पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने समझाने की कोशिश की, लेकिन युवकों ने उनके साथ भी बदसलूकी की और पुलिस कर्मी से उलझने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं।मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।पकड़ा गया युवक नौसाद अंसारी और बुलंद अंसारी सिटी तेघरिया का रहने वाला है।





























