सागर चंद्रा/किशनगंज
विगत कई दिनों से बंधक बनाकर रखें गये तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बरामद किया है। मझिया गुलगुला चौक निवासी मुजफ्फर के घर छापेमारी कर पुलिस ने तीनों नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। स्थानीय रेलवे स्टेशन के समीप सड़क किनारे रहने वाली शालू देवी की लिखित शिकायत पर टाउन थाने में तीन लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शालू देवी की 15 वर्षीय बेटी के साथ साथ दालकोला निवासी उसकी मौसेरी बहन और डुमरिया भट्टा निवासी उनकी एक सहेली विगत एक माह से लापता थी। घटना के बाद परिजनों ने हरसंभव ठिकानों पर उनकी तलाश की। लेकिन उन्हें ढ़ूंढ़ निकालने में नाकाम रहे थे। गत गुरुवार को शालू देवी को सूचना मिली कि मझिया गुलगुला चौक निवासी मुजफ्फर के घर तीनों नाबालिग लड़की को बंधक बना कर रखा गया है।
सूचना मिलते ही शालू ने चुपके से मुजफ्फर के घर का जायजा लिया। जहां तीनों नाबालिग लड़की को उसने देखा। पूछताछ के दौरान नाबालिग लड़कियों ने बताया कि शहर के रूईधासा खानकाह निवासी विक्की खान और गुलगुला चौक निवासी राजा ने मुजफ्फर की मदद से उन्हें गलत मंशा से बंधक बना कर रखा है।
जानकारी मिलते ही शालू देवी ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी नाबालिग लड़की को बरामद कर उन्हें थाने ले आई। जहां शालू देवी के लिखित शिकायत पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
खबर में प्रकाशित तस्वीर सांकेतिक है।























