डायवर्सन पर बह रहा पानी,आवागमन में भारी परेशानी

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

लगातार हो रही वर्षा के कारण प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाकपोखर पंचायत के धाधर चौक से रहमतपुर जाने वाली मुख्यमंत्री सड़क पर स्टील भट्ठा के निकट मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत लगभग 5.81 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी पुल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संवेदक संजय कुमार झा को दी गई है।

लेकिन पुल निर्माण के दौरान आम लोगों के आवागमन के लिए सुरक्षित एवं मजबूत डायवर्सन नहीं बनाए जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


बरसात शुरू होने के साथ ही डायवर्सन के ऊपर पानी बहने लगा है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, महिलाओं तथा रोजाना जिला एवं प्रखंड मुख्यालय आने-जाने वाले लोगों को हो रही है। कई बार दोपहिया वाहन चालक भी फिसलकर दुर्घटना का शिकार होते-होते बचे हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग दर्जनों पंचायतों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। बावजूद इसके निर्माण एजेंसी द्वारा वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते मजबूत डायवर्सन का निर्माण नहीं कराया गया, तो लगातार हो रही बारिश के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है।

इस संबंध में शिक्षक अरुण कुमार सिंह, अनूप कुमार दास, प्रवीण कुमार दास, ओम प्रकाश सिंह, संपत लाल सिंह, जय नारायण सिंह तथा पूर्व जिला पार्षद शौकत अली ने संबंधित विभाग एवं संवेदक से अविलंब मजबूत एवं सुरक्षित डायवर्सन बनाने की मांग की है।

उनका कहना है कि अभी पूरा बरसात का मौसम बाकी है। ऐसे में यदि शीघ्र आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि पुल निर्माण कार्य के दौरान लोगों को अनावश्यक कठिनाइयों और संभावित दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!