टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय कक्ष में गुरुवार को स्थानांतरित दो कर्मियों के सम्मान में वेलफेयर सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अधिकारियों और कर्मियों ने दोनों कर्मचारियों को फूलमाला, गुलदस्ता एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भावभीनी विदाई दी। विदाई समारोह में मो. फखरे आलम, उर्दू अनुवादक, जिन्होंने लगभग तीन वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं, तथा मो. रियाजुदीन अहमद, उच्च वर्गीय लिपिक (उर्दू), जिन्होंने करीब दो वर्षों तक प्रखंड कार्यालय में कार्य किया, को उनके स्थानांतरण के अवसर पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि दोनों कर्मियों ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन अपने कार्य एवं व्यवहार से जो छाप कर्मचारी छोड़ जाते हैं, वह हमेशा यादगार बनी रहती है। दोनों कर्मियों का कार्य सभी के लिए प्रेरणादायी रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उन्हें नई कार्यस्थली पर भी इसी समर्पण और कर्मठता के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचल अधिकारी शशि कुमार, बीपीआरओ विवेक भारती, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मो. आदिल अनवर सहित प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अन्य अधिकारियों और कर्मियों ने संयुक्त रूप से दोनों कर्मियों को माला पहनाकर, गुलदस्ता एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विदाई समारोह का माहौल भावुक रहा।
सहकर्मियों ने दोनों कर्मियों के सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा एवं सहयोगात्मक कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि उनके साथ बिताया गया समय हमेशा स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम का समापन सभी के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाओं के साथ हुआ।























