निसार अहमद/बहादुरगंज (किशनगंज)
बहादुरगंज थाना पुलिस ने 10.280 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मोटरसाइकिल लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की तस्करी की जाने वाली है ।जिसके बाद थाना अध्यक्ष सुनील कुमार के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में रतनपुर चौक से भौरादह जाने वाली मुख्य सड़क स्थित पुल के समीप वाहनों की जांच की जा रही थी । इसी दौरान करीब 7:40 बजे लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा।
भागने के दौरान बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का झोला लेकर गिर पड़ा। वह झोला लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। वहीं मोटरसाइकिल चला रहा दूसरा आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपनी पहचान सलाउद्दीन (40) निवासी वार्ड संख्या-13, बहादुरगंज के रूप में बताई। वहीं फरार आरोपी की पहचान उल्ला (35), निवासी वार्ड संख्या-13, बहादुरगंज के रूप में हुई है।
गवाहों की मौजूदगी में प्लास्टिक के झोले की तलाशी लेने पर पुलिस ने 180 एमएल के ऑफिसर चॉइस एलीट व्हिस्की के 46 टेट्रा पैक तथा हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर की चार बोतलें बरामद कीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 10.280 लीटर बताई गई है।शराब मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सुसंगत धाराओं में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

























