ArariaNews:हरिपुर सहयोग शिविर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बड़ी घोषणाएं: अगले वित्तीय वर्ष में शुरू होगा फारबिसगंज एयरपोर्ट, अररिया मेडिकल कॉलेज का भी जल्द होगा शिलान्यास

SHARE:

अररिया/बिपुल विश्वास


फारबिसगंज प्रखंड के हरिपुर पंचायत भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार तेज़ी से नए और विकसित बिहार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस विकास यात्रा में केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार को पुनर्वास एवं विकास मद में केंद्र सरकार से लगभग 20 हजार करोड़ रुपये मिलते थे, लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर 50 हजार करोड़ रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं चाहते हैं कि बिहार तेजी से विकास करे, समृद्ध बने और यहां के लोग आत्मनिर्भर बनें।


सहयोग शिविर का उद्घाटन करने तथा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष से फारबिसगंज एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इस संबंध में जिला प्रशासन की पूरी रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और आवश्यक प्रक्रिया अंतिम चरण में है।वही उन्होंने कहा कि जल्द ही महिलाओं के खाते में राशि भेजी जाएगी।श्री चौधरी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य समस्याओं का समाधान करना है और अभी तक 4 लाख 60हजार से अधिक आवेदन प्राप्त किया गया जिसमें से 4 लाख 25 हजार से अधिक आवेदनों का निपटारा किया जा चुका है ।बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंची भीड़ को देख कर सीएम गदगद दिखे ।


मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि अररिया मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अररिया पहुंचकर मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे।


जनसभा में मुख्यमंत्री ने टोल टैक्स को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब टोल प्लाजा पर निजी (प्राइवेट) वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा, जबकि केवल व्यावसायिक (कमर्शियल) वाहनों को ही टोल शुल्क देना होगा।


किसानों की सिंचाई समस्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कोसी-मेची परियोजना को जोड़ने का कार्य कर रही है। इसके पूरा होने के बाद हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं और उनकी जरूरतों से भलीभांति परिचित है तथा उन्हें दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!