निसार अहमद/बहादुरगंज
थाना क्षेत्र के समेशर बाबू बस्ती में शातिर चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात की चोरी कर ली। घटना सोमवार की रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी कुणाल सिन्हा अपने परिवार के साथ किसी पारिवारिक कार्य से किशनगंज स्थित अपने मामा के घर गए हुए थे। रात होने के कारण वे वापस अपने घर नहीं लौट सके। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद पड़े मकान का मुख्य ताला तोड़ दिया और घर के अंदर घुस गए।
चोरों ने पूरे घर में सामानों को बिखेरते हुए अलमारी और कमरों की तलाशी ली। इस दौरान उन्हें सोने के जेवरात से भरी पोटली मिल गई, जिसे लेकर वे फरार हो गए।
मंगलवार सुबह आसपास के लोगों और रिश्तेदारों की नजर घर के टूटे हुए ताले पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल मोबाइल फोन से गृहस्वामी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कुणाल सिन्हा किशनगंज से अपने घर पहुंचे। घर के अंदर बिखरा सामान और टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए।
परिजनों के अनुसार, चोर करीब 20 से 25 भर सोने के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए आभूषणों में गृहस्वामी के अलावा उनकी बहन के भी कई कीमती जेवर शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
घटना की सूचना बहादुरगंज थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है।
इस वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


























