टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
सोमवार को टेढ़ागाछ से बहादुरगंज तक निर्माणाधीन आरसीडी (RCD) सड़क परियोजना के कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग द्वारा नयाबस्ती मुशहारा गांव में विशेष एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सड़क निर्माण से प्रभावित भूमि के रैयतों एवं भू-स्वामियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर एलपीसी बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
शिविर में बड़ी संख्या में भूमि स्वामी पहुंचे और अपनी-अपनी भूमि से संबंधित आवश्यक अभिलेख राजस्व विभाग के कर्मियों को उपलब्ध कराए। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित होने वाली भूमि का रिकॉर्ड सही एवं अद्यतन होना आवश्यक है, ताकि भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं बिना किसी बाधा के समय पर पूरी की जा सकें।
राजस्व कर्मियों ने उपस्थित लोगों को एलपीसी बनाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन संबंधी जानकारी विस्तार से दी। जिन अभिलेखों में त्रुटियां पाई गईं, उन्हें शीघ्र सुधार कराने का निर्देश भी दिया गया, ताकि सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने गांव में विशेष शिविर आयोजित करने के लिए प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें प्रखंड कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी पात्र आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन किया जाएगा, जिससे टेढ़ागाछ–बहादुरगंज आरसीडी सड़क निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होगा और क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा शीघ्र उपलब्ध हो सकेगी।



























