विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज)
टेढ़ागाछ प्रखंड कार्यालय में सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य नेपाली महिलाओं से भारतीय नागरिकता प्राप्त करने संबंधी आवेदन पत्रों के संग्रहण, सत्यापन एवं निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करना था।
बैठक में प्रखंड के सभी पंचायत सचिवों एवं विकास मित्रों ने भाग लिया। बीडीओ अजय कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि पात्र नेपाली महिलाओं तक इस प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाई जाए तथा नागरिकता आवेदन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों की सही तरीके से जांच कर आवेदन प्राप्त किए जाएं।
उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सरल एवं निर्धारित दिशा- निर्देशों के अनुरूप संपन्न होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र आवेदक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पंचायत सचिवों एवं विकास मित्रों को अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि योग्य लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दें और आवेदन भरने में हरसंभव सहयोग करें। साथ ही प्राप्त आवेदनों का समय पर संकलन कर संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी तय की गई।
बैठक के दौरान आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, सत्यापन की विधि तथा अभिलेखों के संधारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक में मौजूद पंचायत सचिवों एवं विकास मित्रों ने निर्देशों का पालन करते हुए नागरिकता आवेदन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करने का भरोसा दिलाया। प्रखंड प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य पात्र नेपाली महिलाओं को नियमानुसार नागरिकता आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराना तथा पूरी प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।




























