किशनगंज /सागर चंद्रा
शहर के कागजिया बस्ती निवासी महिला के लापता हो जाने का मामला सामने आया है। काफी खोजबीन के बाद भी जब मायके वालों को उसका कोई सुराग नहीं मिला तो वे पुलिस के समक्ष मदद की गुहार लगाने जा पहुंचे। कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र स्थित जलकी गांव निवासी महिला के पिता मोहम्मद मुन्ना के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस महिला की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय महिला रेशमा का निकाह गत 25.11.2023 को चुड़ी पट्टी कागजियाबस्ती निवासी सनाउर राशिद पिता गुलाम मुस्तफा राशिदी के साथ हुई थी। निकाह के वक्त मायके वालों ने लगभग 6 तोला सोने के आभूषण, फर्नीचर, घरेलू सामान एवं अन्य कीमती सामान उपहार स्वरूप दिए थे। ताकि रेशमा सुखमय वैवाहिक जीवन व्यतीत कर सकें।
लेकिन निकाह के कुछ समय बाद ही रेशमा को उसका पति सनाउर राशिद, ससुर गुलाम मुस्तफा राशिदी, सास जन्नती, जेठ रज़ा उल राशिदी एवं उसकी पत्नी सीमा द्वारा 10 लाख रुपये और एक कार की मांग कर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। उसे बात बात पर अपमानित भी किया जाने लगा था। मायके वालों का आरोप है कि सनाउर पहले से शादीशुदा था और दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पहली पत्नी को रास्ते से हटा दिया गया था।
जिसकी जानकारी मिलते ही रेशमा डरी सहमी सी रहने लगी थी।
ससुराल वालों ने रेशमा पर मायके जाने में पाबंदी लगा दी थी और उसे किसी से मिलने भी नहीं दिया जाता था। हालांकि रेशमा के मायके वालों ने ससुराल वालों को समझाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन स्थिति यथावत बनी रही।
गत 21 मई को जब मायके वाले रेशमा से मिलने के लिए पहुंचे तो वह डरी-सहमी और रोती हुई मिली। रेशमा ने बताया कि पति और ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं और हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। लेकिन 22 मई को फोन करने पर रेशमा ने रोते हुए बताया कि ससुराल वालों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की है। परंतु 23 मई की शाम रेशमा के मां की मोबाइल पर एक मैसेज आया कि वह घुटन महसूस कर रही है, उसे खोजा न जाए।
मैसेज प्राप्त होने के बाद रेशमा का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। जिससे मायके वाले परेशान हो गए। मायके वालों को अंदेशा है कि यह मैसेज दबाव, भय या किसी षड्यंत्र के तहत लिखवाया गया है। घटना के बाद जब मायके वालों ने पति सनाउर राशिद से फोन पर बात की तो वह टालमटोल करने लगा। उसने रेशमा के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। नतीजतन मायके वाले किसी अनिष्ट की आशंका के साथ मदद की गुहार लगाने पुलिस के समक्ष जा पहुंचे।






















