किशनगंज/सागर चंद्रा
कोचाधामन थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। तलवार से वार किए जाने से नजरूल का गुप्तांग काट गया और शरीर के अन्य अंगों में भी गहरी चोटें आई।
इस दौरान नजरूल को बचाने के लिए पहुंचे इस्लाम, अहमद, हसन, मनोव्वर आदि भी घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां नजरूल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जबकि अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में ही चल रहा है।
घायलों ने बताया कि विगत कई दिनों से उनका भूमि विवाद पड़ोस में रहने वाले अफरूल के साथ चल रहा था। सोमवार को अफरूल ने जबरन भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की। जिसका विरोध करने पर अफरूल ने इस्माइल, फिरोज, अनवर, मोफीज आदि के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला कर दिया।





















