अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट
अररिया पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी शराब की खेप जब्त की है। कार्रवाई जोकीहाट थाना क्षेत्र के भेभड़ा चौक पर की गई, जहां पुलिस ने एक डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक से 2859 लीटर बीयर और व्हिस्की बरामद की गई। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब से भरा ट्रक पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। शराब तस्करी के इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है, ताकि इसमें शामिल अन्य तस्करों और सरगनाओं तक पहुंचा जा सके।
एसपी ने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।























