5 आरोपी गिरफ्तार देशी कट्टा व खोखा बरामद,कटिहार गोलीकांड का खुलासा

SHARE:

कोढा/कटिहार- जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलासी पुलिस शिविर इलाके के संदलपुर गांव में युवक को गोली मारने की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है । जिसे घटना में प्रयुक्त हथियार माना जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में फैली दहशत काफी हद तक कम हुई है। जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को संदलपुर निवासी मो. नासिर (55) पिता स्वर्गीय रईसुद्दीन ने कोढ़ा थाना कोलासी पुलिस शिविर में लिखित आवेदन देकर बताया कि 23 मई की रात उनका 21 वर्षीय पुत्र मो. तारिक घर के बाहर अपने दोस्तों के साथ घूम रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर पहुंचा।

घायल युवक ने परिजनों को बताया कि गांव के ही असफाक,मो. सरफराज,मो. इकबाल, मो. शहनवाज और मो. आशिफ ने मिलकर उसके सिर पर गोली चला दी। घटना के बाद परिजनों ने बिना देर किए घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कोढ़ा थाना में कांड संख्या-164/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर टु सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदलपुर गांव में छापेमारी कर घटना में संलिप्त सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असफाक (22), मो. सरफराज (19), मो. इकबाल (19), मो. शहनवाज (19) तथा मो. आशिफ (23) के रूप में हुई है।

सभी आरोपी संदलपुर गांव,थाना कोढ़ा कोलासी पुलिस शिविर, जिला कटिहार के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया है। बरामद हथियार को ही वारदात में इस्तेमाल किया गया माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। इस बीच पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में भरोसा बढ़ा है और उन्होंने इस कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई