कटिहार – कटिहार रेलवे स्टेशन पर महिला सुरक्षा’ अभियान के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी की महिला कर्मियों ने मानवता और साहस की मिसाल पेश की। जानकारी के अनुसार रविवार की रात प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक महिला यात्री की हालत गंभीर होने पर आरपीएफ की एलएसआई मुक्ति शील एवं महिला कांस्टेबल विमलेश कुमारी ने तत्परता दिखाते हुए रेलवे डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही सुरक्षित प्रसव कराया।
आरपीएफ की दोनों महिला कर्मियों की सूझबूझ और सराहनीय प्रयास से महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। बाद में रेलवे चिकित्सक द्वारा मां और नवजात की जांच की गई, जिसमें दोनों स्वस्थ पाए गए। इसके बाद जच्चा-बच्चा को बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया गया।
आरपीएफ एवं जीआरपी के इस मानवीय और सराहनीय कार्य के लिए पीड़िता कदवा निवासी शाकिरा खातून एवं स्थानीय लोगों ने इसकी प्रशंसा करते हुए रेल प्रशासन के साथ आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारों को धन्यवाद दिया।
उक्त पीड़ित महिला यात्री अपने पति के साथ साप्ताहिक ट्रेन से मुंबई से यात्रा कर कटिहार पहुंची ही थी कि अचानक उसे लेबर पेन उठ गया और आरपीएफ और जीआरपी के महिला कर्मी के सहयोग से दोनों सकुशल है। आरपीएफ की एलएसआई मुक्ति शील रेल में अपराध नियंत्रण की दिशा में लेडी सिंघम के रूप में भी जानी जाती है।





















