टेढ़ागाछ/किशनगंज/विजय कुमार साह
अररिया से सिलीगुड़ी तक नई रेलवे लाइन के चालू होने के बाद क्षेत्र के लोगों में रेल सुविधाओं को लेकर नई उम्मीद जगी है। जानकारी के अनुसार अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस अमृतसर से प्रत्येक गुरुवार तथा न्यू जलपाईगुड़ी से प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। यह एक्सप्रेस नई रेलवे लाइन से अररिया होते हुए गलगलिया मार्ग से गुजरेगी, लेकिन वर्तमान प्रस्तावित समय-सारणी में कलियागंज रेलवे स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं रखा गया है।
इसे लेकर स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि कलियागंज रेलवे स्टेशन किशनगंज और अररिया जिले की सीमा पर स्थित एक महत्वपूर्ण एवं बड़ा स्टेशन है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। इस स्टेशन से आसपास के दर्जनों गांवों एवं पंचायतों के लोग रेल यात्रा करते हैं। ऐसे में अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव यहां नहीं होना क्षेत्र की जनता के लिए निराशाजनक है।
स्थानीय मुखिया अरुण कुमार यादव, उमेश कुमार यादव, विशेश्वर प्रसाद शाह, अबू बकर, जिगर भारती, विजय कुमार शाह एवं अबू फरहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेलवे मंत्रालय एवं संबंधित अधिकारियों से कलियागंज स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि इस ट्रेन का ठहराव कलियागंज में दिया जाता है तो सीमांचल क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी सुविधा होगी।स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से भी इस मांग को गंभीरता से उठाने की अपील की है, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सके।






















