किशनगंज:मध्य विद्यालय फुलबड़िया में फाइलेरिया कार्यक्रम का निरीक्षण, दवा सेवन पर दिया गया जोर

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के भोरहा पंचायत स्थित मध्य विद्यालय फुलबड़िया में गुरुवार को चल रहे फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का निरीक्षण प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान जिला स्तर की सीडी टीम से जुड़े पीरामल संस्था के सैयद मुख्तार मोनिस भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में चल रहे दवा वितरण एवं जागरूकता अभियान की स्थिति का जायजा लिया गया।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि 16 मई 2026 से 30 मई 2026 तक पूरे प्रखंड क्षेत्र में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाना एवं इसके प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों को निर्धारित दवा खिलाने का कार्य कर रही है, ताकि बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।


निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों एवं संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि दवा सेवन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा प्रत्येक व्यक्ति को निर्धारित मात्रा में दवा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही दवा अवश्य खाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

जिला स्तर की सीडी टीम के सदस्य सैयद मुख्तार मोनिस ने भी कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की तथा अभियान को सफल बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही फाइलेरिया जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मी एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों को फाइलेरिया के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई