झुनकी मुसहरा पंचायत भवन में सहयोग शिविर की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के झुनकी मुसहरा पंचायत भवन में गुरुवार को आगामी सहयोग शिविर की सफलता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने की। बैठक में प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सहयोग शिविर को प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाना था ताकि पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के दौरान बीडीओ अजय कुमार ने सभी विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निष्पादन किया जाए। साथ ही सभी विभाग अपने-अपने लंबित मामलों की सूची एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ शिविर में उपस्थित रहें ताकि लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

अंचलाधिकारी शशि कुमार ने राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। वहीं पंचायती राज पदाधिकारी विवेक भारती ने पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास ने राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण एवं जनवितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कृषि पदाधिकारी मो० आदिल अनवर ने किसानों से जुड़ी योजनाओं एवं कृषि अनुदान संबंधी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को शिविर के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई