बकरी की जलकर हुई मौत
हसनगंज/ कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के ढेरुआ पंचायत के पारा गांव में अचानक हुई बारिश और तेज गर्जना के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक गरीब परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार पारा गांव निवासी चंद्रमा चौहान के टीन छप्पर वाले घर पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही घर में रखे धान, गेहूं समेत अन्य सामान में आग लग गई। घटना में एक बकरी भी झुलसकर मर गई।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़िता मुन्नी देवी ने बताया कि आग लगने से घर में रखा अनाज,घरेलू उपयोग का सामान तथा पशुधन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार होने के कारण इस हादसे से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। सरपंच सोमनाथ पोद्दार, ग्रामीण जीतू झा एवं विपिन कुमार ठाकुर ने बताया कि बारिश के मौसम में लगातार आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस गरीब परिवार को काफी नुकसान हुआ है और प्रशासन को आपदा राहत योजना के तहत सहायता राशि उपलब्ध करानी चाहिए। अंचलाधिकारी कृष्ण मोहन कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को भेजा जाएगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
























