तीनों को हायर सेंटर रेफर किया
कुरसेला/कटिहार – एनएच 31 पर देवीपुर चौक के पास गुरुवार की शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरसेला पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक को मृत घोषित कर दिया। मृतक पोठिया निवासी करण कुमार (28) बताया जा रहा है। वहीं हादसे में घायल समेली निवासी रूपेश कुमार रविदास (30), बसंत कुमार रविदास (28) तथा पोठिया निवासी मुकेश दास (31) की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कुरसेला से समेली जा रहे थे। इसी दौरान देवीपुर चौक के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे पिकअप वाहन का पीछा किया। लेकिन चालक वाहन लेकर सीधे थाना पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि देवीपुर चौक पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा घायलों का इलाज कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
























