कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

SHARE:


उच्च माध्यमिक विद्यालय बेलवा काशीपुर, किशनगंज, बिहार में इस माह युवा एवं पर्यावरण क्लब के निर्धारित विषय “कचरा प्रबंधन” के अंतर्गत जागरूकता एवं गतिविधि आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की पर्यावरण क्लब की नोडल शिक्षिका एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित कुमारी गुड्डी द्वारा किया गया।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गीले, सूखे एवं हानिकारक कचरे के सही प्रबंधन की जानकारी दी गई। हरे, नीले और लाल डस्टबिन की उपयोगिता तथा किस प्रकार के कचरे को किस डब्बे में डालना चाहिए, इस विषय पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार प्रस्तुत किए। साथ ही कचरे के पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को भी सरल एवं गतिविधि आधारित तरीके से समझाया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेलवा पंचायत के मुखिया तैबूर रहमान उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को कचरा प्रबंधन, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाने के महत्व के बारे में जानकारी दी।


विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित कुमार जायसवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बच्चों को पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने तथा कचरा मुक्त विद्यालय एवं समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक अर्जुन कुमार, मुदस्सिर आलम, मखमूर हयात, निहाल अहमद एवं संपूर्ण विद्यालय परिवार की सराहनीय भूमिका रही। वहीं मध्य विद्यालय बेलवा काशीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक शहजाद अनवर ने भी बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए स्वच्छ एवं जागरूक समाज निर्माण का संदेश दिया।


विद्यालय की यह पहल न केवल बच्चों बल्कि अन्य विद्यालयों एवं समाज के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो रही है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं सामाजिक जागरूकता का विकास हो रहा है। बच्चे स्वयं आगे बढ़कर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जो स्वच्छ एवं जागरूक समाज की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई