ट्रैक्टर-बाइक हादसे के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन
टायर जलाकर जताया विरोध
बरारी /कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र के सुजापुर पंचायत स्थित गिदाबाड़ी चौक पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में तीन युवकों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाज में लापरवाही और सहायता नहीं मिलने के आरोप में आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर मालिक के घर के सामने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान लोगों ने सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर आवागमन बाधित कर दिया और टायर जलाकर विरोध जताया।जानकारी के अनुसार 18 मई को मिट्टी लदे ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में मोहन कुमार, पिंकू चौहान और उमा चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मोहन कुमार की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि ट्रैक्टर मालिक महबूब ने इलाज का पूरा खर्च उठाने और मदद करने का भरोसा दिया था। लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सहायता नहीं दी गई। इसी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर मालिक के घर के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका। थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।





















