किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खनियाबाद पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय अमात टोली खनियाबाद में निर्माणाधीन विद्यालय भवन को लेकर ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री उपयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि भवन निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है।
साथ ही कार्यस्थल पर योजना से संबंधित शिलापट्ट भी नहीं लगाया गया है, जिससे योजना की जानकारी लोगों को नहीं मिल पा रही है। रविवार को स्थानीय ग्रामीण शहजाद आलम, रुखशेद आलम, जाबुल आलम, विपिन कुमार एवं संतोष कुमार सहित अन्य लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय भवन निर्माण में खराब गुणवत्ता की ईंट एवं अन्य निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री को बदला नहीं जाएगा, तब तक कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय भवन बच्चों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्माण कार्य है। ऐसे में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कर दोषी संवेदक पर कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में कनिय अभियंता पुष्कर कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दूरभाष पर शिकायत प्राप्त हुई थी कि विद्यालय भवन निर्माण में गलत सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। शिकायत मिलते ही तत्काल निर्माण कार्य को रोक दिया गया है।
उन्होंने कहा कि संवेदक को निर्देश दिया गया है कि पहले निर्माण सामग्री को बदलें और गुणवत्ता सुनिश्चित करें, उसके बाद ही कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा मामले की निगरानी की जा रही है।






















