जमीन हड़पने की कोशिश से त्रस्त वृद्ध महिला ने सीओ से लगाई न्याय की गुहार

SHARE:



कोढा /कटिहार-कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के बिसनपुर पंचायत के धूमगढ़ गांव की एक असहाय वृद्ध महिला ने अपने ही परिजनों पर जमीन हड़पने की कोशिश और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए अंचलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता मसोमात चंपा देवी पति स्वर्गीय साधुशरण साह ने अंचल कार्यालय में लिखित आवेदन देकर अपनी पुश्तैनी जमीन की सुरक्षा की मांग की है।

दिए गए आवेदन के अनुसार, चंपा देवी अपने पति के हिस्से की जमीन पर वर्षों से खेती-बाड़ी कर अपना जीवन यापन कर रही हैं। यह जमीन पंचनामा के तहत उनके स्वर्गीय पति के हिस्से में आई थी। जिस पर उनका वैध कब्जा बना हुआ है। लेकिन हाल के दिनों में उनके ही कुछ फरीक परिजन बेइमानी की नीयत से उक्त जमीन को हड़पने की कोशिश कर रहे हैं।

पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना भी की जा रही है। चंपा देवी ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि नामांतरण वाद संख्या 436/2026-27 के तहत उक्त जमीन का मामला वर्तमान में भूमि सुधार उप समाहर्ता, कटिहार के न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में उन्होंने अंचलाधिकारी से अनुरोध किया है कि जब तक इस मामले में सक्षम न्यायालय द्वारा अंतिम आदेश पारित नहीं हो जाता।

तब तक नामांतरण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।पीड़िता ने यह भी कहा कि वह एक असहाय वृद्ध महिला हैं और उनके पास अपनी जमीन की रक्षा के लिए कोई अन्य सहारा नहीं है। ऐसे में प्रशासन से उन्हें न्याय की उम्मीद है। उन्होंने अंचलाधिकारी से करुणा और निष्पक्षता के आधार पर हस्तक्षेप करने की अपील की है।

ताकि उनकी पुश्तैनी जमीन सुरक्षित रह सके और उन्हें आगे किसी प्रकार की प्रताड़ना का सामना न करना पड़े। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित महिला को कब तक न्याय मिल पाता है। फिलहाल चंपा देवी की निगाहें अंचल प्रशासन और न्यायालय के निर्णय पर टिकी हुई हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई