नगर निगम को डिजिटल और हाईटेक बनाने की दिशा में क्यूआर कोड स्कैन फैसिलिटी और विशेष मोबाइल ऐप की शुरुआत

SHARE:

वार्ड नंबर 30 में महापौर एवं नगर आयुक्त की उपस्थिति में की जागरूक

कटिहार – कटिहार नगर निगम को डिजिटल और हाईटेक बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। अब नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को होल्डिंग टैक्स जमा करने से लेकर साफ-सफाई की शिकायतों के लिए निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्मार्ट सिटी की तर्ज पर कटिहार नगर निगम में क्यूआर कोड स्कैन फैसिलिटी और विशेष मोबाइल ऐप की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना का विधिवत शुभारंभ वार्ड नंबर 30 के पार्षद नितेश सिंह उर्फ निक्कू सिंह के आवास से किया गया।

इस मौके पर निगम की मेयर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल एवं और नगर आयुक्त संतोष कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। क्यूआर कोड से मिलेगी मकान और निवासियों की सटीक जानकारी –
इस नई तकनीक के तहत नगर निगम क्षेत्र के सभी मकानों पर एक विशिष्ट र क्यूआर कोड लगाया जाएगा।

इसे स्कैन करते ही मकान, उसके स्वामित्व मालिकाना हक तथा उस घर में रहने वाले कुल सदस्यों की पूरी जानकारी कटिहार नगर निगम के डेटाबेस में उपलब्ध हो जाएगी। नागरिक इस क्यूआर कोड को स्कैन कर घर बैठे ही अपने मकान का वार्षिक शुल्क होल्डिंग टैक्स अदा कर सकेंगे। आने वाले समय में इस ऐप को पूरी तरह विकसित कर दिया जाएगा। जिसके बाद शहरवासी घर बैठे ही जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा सकेंगे।

‘बिनिमिस लैब’ तैयार कर रही है विशेष ऐप, लापरवाह सफाईकर्मियों पर होगी कार्रवाई –

नगर निगम इस पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए बिनिमिस लैब प्राईवेट लिमिटेड के सहयोग से एक अत्याधुनिक मोबाइल ऐप विकसित कर रहा है। इस ऐप के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र का कोई भी नागरिक निगम से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेगा, अपना बकाया टैक्स देख और जमा कर सकेगा।
कामचोरी पर लगेगी लगाम – इस ऐप के जरिए वार्डों में तैनात सफाई कर्मियों की डिजिटल रेकी निगरानी की जाएगी। जब सफाई कर्मी आपके वार्ड में काम कर रहे होंगे, तो आपके मोबाइल पर एक अलर्ट जाएगा। जिससे उनकी लाइव लोकेशन का पता चल सकेगा।

ऐसे में सफाई कर्मी अपनी जवाबदेही से भाग नहीं पाएंगे। ड्यूटी में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विधिसम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि स्मार्ट सिटी की तर्ज पर कटिहार में क्यूआर कोड व्यवस्था की शुरुआत हो चुकी है। अब तक नागरिकों को शिकायत रहती थी कि उनके क्षेत्र में निगम कर्मी सफाई नहीं कर रहे हैं। इस क्यूआर कोड और ऐप के माध्यम से यह तुरंत पता चल जाएगा कि किस क्षेत्र से क्या शिकायत आई है और उस पर अविलंब कार्रवाई की जाएगी।

वही नगर आयुक्त संतोष कुमार बताया कि इस डिजिटल पहल से नगर निगम का सैनिटेशन सफाई और टैक्सेशन कर संग्रह का कार्य बेहद सटीक और पारदर्शी हो जाएगा। भविष्य में नागरिक अपने होल्डिंग टैक्स के बकाये का पूरा विवरण देख सकेंगे और यहीं से भुगतान भी कर पाएंगे। इसके अलावा,निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों में जीपीएस लगाया जा रहा है। जिससे सफाई व्यवस्था का सही अवलोकन और निष्पादन सुनिश्चित होगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई