पटना। बिहार में चल रहे भूमि सर्वे और भूमि परिमार्जन कार्यों को लेकर राज्य सरकार अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विशेष अभियान चलाकर भूमि सर्वे का काम तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती करने का भी निर्देश दिया, ताकि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि भूमि सर्वे और परिमार्जन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि काम में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि राज्य में भूमि विवादों के कारण हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। इसे रोकना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री डॉ जायसवाल ने कहा कि भूमि सर्वे का कार्य पूरा होने से जमीन संबंधी विवादों में कमी आएगी और लोगों को राहत मिलेगी।
सरकार की इस सख्ती के बाद अब विभागीय अधिकारियों में भी हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भूमि सर्वे कार्य में तेजी देखने को मिलेगी।

























