बंगाल चुनाव को लेकर सीमावर्ती एरिया में बिहार पुलिस ने भी बनाया चेक पोस्ट
संवाददाता/किशनगंज
बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बंगाल पुलिस की ओर से हर स्तर पर तैयारियां की जा रही है।निष्पक्ष चुनाव को लेकर जिले की सीमा से सटे बालीचुका में बगल पुलिस के द्वारा नाका बनाया गया है। जहां बंगाल के ग्वालपोखर व पंजीपाड़ा ओपी पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। बुधवार को भी अर्द्धसैनिक बल और बंगाल पुलिस के द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।जिसमें बिहार की ओर से से आने वाले सभी वाहनों के डिक्की की तलाशी ली जा रही थी।
बालीचुका चेक नाका में बिहार की ओर से आने वालों वाहनों के बंगाल में प्रवेश से पूर्व चेकिंग के बाद ही किसी भी वाहन को आगे बढ़ने दिया जा रहा था।जिसमें बंगाल में लागू आदर्श आचार संहिता के तहत वाहनों में रुपए आदि की जांच की जा रही थी।जांच के दौरान किसी भी वाहनों को बख्शा नहीं जा रहा था।
पंजीपाड़ा ओपी के सहायक अवर निरीक्षक राजदीप मिश्रा की मौजूदगी में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।वहीं बंगाल में होने वाले चुनाव को लेकर जिले में भी एहतियातन सतर्कता बरती जा रही है। किशनगंज जिला सीमावर्ती जिला होने के कारण बंगाल से बिलकुल करीब है।इस कारण सतर्कता अपेक्षित है। सुरक्षा कारणों से सात चेक पोस्ट बनाए गए है।
रामपुर चेक पोस्ट, फ़रिंगगोला चेक पोस्ट और बंगाल सीमा से सटे पिछला सहित सात चेक पोस्ट में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।बंगाल चुनाव को लेकर सीमा से लगने वाले चेक पोस्टों में विशेष रूप से सतर्कता बरती जानी है।साथ ही चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।




























