कटिहार ग्रामीण – जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र में बाइक सर्विस के पैसे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक गैरेज संचालक को गोली मार दी गई। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना अमदाबाद थाना क्षेत्र का पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत का है। गैरेज स्टाफ शेख मुबारक ने बताया कि गैरेज संचालक मोहम्मद साबिर ने एक ग्राहक की अपाची मोटरसाइकिल की सर्विसिंग की थी।
लेकिन ग्राहक सर्विस से संतुष्ट नहीं था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राहक ने गुस्से में आकर हथियार निकाल लिया और मौके पर ही मोहम्मद साबिर के सिर में गोली मार दी।गोली चलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल साबिर को तुरंत अमदाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार यह घटना मामूली विवाद को लेकर हुई है और आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। डीएसपी श्री कुमार ने कहा कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।


























