किशनगंज /प्रतिनिधि
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत
स्पेशल विजलेंस यूनिट ने मंगलवार को बड़ी कारवाई की है।जिसके बाद पूरे बिहार में हड़कंप मच गया है।बताते चले कि किशनगंज में पदस्थापित एसडीपीओ गौतम कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में मंगलवार सुबह से किशनगंज , पूर्णिया,पटना समेत अन्य स्थानों पर छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया शहर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित उनके आलीशान आवास पर विजलेंस की टीम सुबह से ही दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हुई है।
इसके अलावा किशनगंज स्थित सरकारी आवास, मधुबनी स्थित ससुराल, भागलपुर, सिलीगुड़ी तथा पूर्णिया के माधोपारा में उनके एक करीबी के ठिकाने पर भी एक साथ कार्रवाई जारी है।छापेमारी के दौरान अब तक कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, जमीन निवेश से संबंधित कागजात और करोड़ों रुपये के जेवरात मिलने की प्रारंभिक सूचना सामने आई है।गौरतलब हो कि गौतम कुमार पर करीब 1 करोड़ 94 लाख 92 हजार 244 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई की गई है और जब्त दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति का अंतिम आकलन सामने आएगा।फिलहाल अधिकारी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं।इस कारवाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा संदेश देने का काम किया है ।
सहरसा में DRDA निदेशक वैभव कुमार के ठिकानों पर चल रही है छापेमारी
मालूम हो कि सहरसा में भी drda के निदेशक वैभव कुमार के आवास सहित आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी चल रही है।मिली जानकारी के मुताबिक 2 करोड़ 41 लाख से अधिक की संपत्ति का पता चलने के बाद EOU की टीम के द्वारा उनके अलग अलग ठिकानों पर कारवाई जारी है




























