बुकिंग के 48 से 60 घंटों के भीतर हो रही है गैस की होम डिलीवरी
गैस एसोसिएशन ने कहा- जिले में पैनिक होने की जरूरत नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
कमर्शियल गैस वितरण को लेकर विभाग की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं
किशनगंज/प्रतिनिधि
जिले में रसोई गैस की किल्लत की खबरों के बीच गैस एसोसिएशन ने स्थिति स्पष्ट की है। गैस एसोसिएशन के सचिव तल्हा यूसुफ ने सोमवार को एसोसिएशन के कार्यालय के पास प्रेसवार्ता में बताया कि शहर में गैस का वितरण सुचारू रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के ढाई दिनों (लगभग 60 घंटे) के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
सचिव ने स्वीकार किया कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और अस्थिरता के कारण शुरुआत में आपूर्ति में कुछ तकनीकी बाधाएं आई थीं, लेकिन अब उन समस्याओं को दूर कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस के सहयोग से वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जा रहा है। वर्तमान में शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन 1000 से 1500 लोग गैस की बुकिंग कर रहे हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर डिलीवरी दी जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान सचिव ने जोर देकर कहा कि सभी गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपनी संबंधित एजेंसी में जाकर केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें ताकि भविष्य में गैस उठाव और सब्सिडी में कोई समस्या न हो। इसके लिए एसोसिएशन की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
कमर्शियल गैस की उपलब्धता पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि फिलहाल इसकी सप्लाई बाधित है। शादी, श्राद्ध या अन्य बड़े आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस वितरण को लेकर विभाग की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट गाइडलाइन प्राप्त नहीं हुई है।
जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक न हों। हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि समय पर डिलीवरी सुनिश्चित हो। प्रेसवार्ता में एसोसिएशन के संयुक्त सचिव राजकुमार अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अदनान मसूद भी उपस्थित थे।




























