विकास को मिली नई दिशा – महापौर
कटिहार- नगर निगम सभागार में विशेष बजट सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹3,07,35,86,855 का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर उषा देवी अग्रवाल ने की। बजट में शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है ।

पारित बजट को शहर के विकास का रोडमैप बताते हुए कहा गया कि यह केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं। बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल है। इस बजट में नगर निगम के सभी 45 वार्डों के संतुलित विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट में सुदृढ़ सड़क एवं नाला निर्माण, शहर का सौंदर्यीकरण, पार्कों का निर्माण, आधुनिक स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था, साथ ही पूरे शहर में सीसीटीवी सुरक्षा प्रणाली को प्राथमिकता दी गई है।
इसके अलावा जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत शहरी पेयजल योजना एवं हर घर नल का जल,स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज,गली-नाली पक्कीकरण जैसी योजनाएं भी शामिल हैं।सरकारी योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन,समग्र शहरी विकास और मोक्ष धाम निर्माण को भी बजट में प्रमुख स्थान दिया गया है।
इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद,उप महापौर मंजूर खान,नगर आयुक्त संतोष कुमार ,स्थायी समिति के सदस्य एवं सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। बैठक के अंत में महापौर ने सभी नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक विचार-विमर्श के बाद पारित यह बजट कटिहार के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा और शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने सभी से मिलकर कटिहार को एक आदर्श नगर निगम बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
रिपोर्ट: सत्येंदु सुमन




























