राज कुमार/किशनगंज/पोठिया:
प्रखंड के दामलबाड़ी पंचायत स्थित बगलबाड़ी मसनाबस्ती गांव की बेटी रूही नाज़ ने जिले में टॉप कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, जहांगीरपुर की छात्रा रूही नाज़ ने कुल 477 अंक हासिल कर पूरे किशनगंज जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रूही नाज़ ने हर विषय में शानदार प्रदर्शन किया। उर्दू में 96, हिन्दी में 97, गणित में 98, सोशल साइंस में 94 और साइंस में 92 अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
साधारण परिवार से आने वाली रूही नाज़ ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता मोहम्मद आलम किसान हैं, जबकि माता शहनाज़ बेगम गृहिणी हैं। चार भाई-बहनों में सबसे छोटी रूही ने सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ी उपलब्धि हासिल कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती।
रूही ने बताया कि वह आगे साइंस से पढ़ाई करना चाहती हैं और उनका सपना है कि वह संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर आईएएस बनें और देश की सेवा करें। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई-बहन, विद्यालय तथा ड्रीम पॉइंट कोचिंग सेंटर के शिक्षकों को दिया।
रूही नाज़ की मां शहनाज़ बेगम ने भावुक होते हुए कहा कि बेटी ने आज उनका सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने बताया कि रूही बचपन से ही पढ़ाई में तेज रही है और हमेशा कुछ बड़ा करने का सपना देखती थी। पिता मोहम्मद आलम ने कहा कि आर्थिक स्थिति सीमित होने के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। आज उसकी मेहनत रंग लाई है।
ड्रीम पॉइंट कोचिंग सेंटर के शिक्षक अर्जुन कर्मकार ने कहा कि रूही शुरू से ही अनुशासित और लक्ष्य के प्रति गंभीर छात्रा रही है। वह नियमित पढ़ाई करती थी और हर विषय को गहराई से समझने की कोशिश करती थी। उन्होंने कहा कि रूही की सफलता अन्य छात्रों के लिए एक मजबूत संदेश है कि मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय परिवार ने भी रूही की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। शिक्षकों ने कहा कि यह सफलता पूरे स्कूल के लिए प्रेरणा है और आने वाले समय में अन्य छात्र भी इससे सीख लेकर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
रूही नाज़ की इस शानदार उपलब्धि ने पोठिया ही नहीं बल्कि पूरे किशनगंज जिले को गौरवान्वित किया है। गांव के लोग मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार कर रहे हैं और हर ओर रूही की मेहनत और सफलता की चर्चा हो रही है।



























