बरारी में सांसद धर्मशीला गुप्ता का जोरदार स्वागत,जनसमस्याओं पर हुई चर्चा

SHARE:

विकास का दिया भरोसा

बरारी /कटिहार -नगर पंचायत बरारी में रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता का आगमन हुआ। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं सांसद का मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव के आवास पर भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।

मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने सांसद तथा उनके पति परशुराम गुप्ता को पुष्पमाला व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर स्वागत की रस्म पूरी की गई।आवास पर आयोजित बैठक के दौरान करीब आधे घंटे तक स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान मुख्य पार्षद ने नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों से सांसद को अवगत कराया।

सांसद ने इन समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव पहल करने का भरोसा दिलाया और संबंधित स्तर पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता परशुराम गुप्ता मुख्य पार्षद बबीता कुमारी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार उर्फ हिटलर यादव, भाजपा युवा नेता राकेश पोद्दार, रजत कुमार कश्यप,अनिल ठाकुर,लालमुनी चौहान, सुब्रत कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, महिला-पुरुष एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि उनका यह दौरा ‘मन की बात’ कार्यक्रम और महिला मोर्चा की संगठनात्मक बैठकों को लेकर है।

उन्होंने बताया कि 68-बरारी विधानसभा के बूथ संख्या 220, सुजापुर में वे नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता हर बूथ पर सक्रिय होकर लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ रही हैं।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण,गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

साथ ही उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और स्थिरता को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।अंत में उन्होंने बरारी के शांत माहौल और यहां के लोगों के स्नेह की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई