विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाकपोखर पंचायत के पश्चिम बेणुगढ़ गांव में रामनवमी के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस बार भी पूर्व मुखिया गुड़िया देवी के निज आवास परिसर में श्री श्री 108 हरि नाम संकीर्तन एवं 48 घंटे का अखंड अष्टयाम श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिसके बाद हरि नाम संकीर्तन का क्रम निरंतर जारी है। संकीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा है। दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं तथा कीर्तन में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।इस अवसर पर मेला का भी आयोजन किया गया है, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
स्थानीय दुकानदारों द्वारा विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई हैं, जिससे मेले का स्वरूप और भी जीवंत हो गया है। सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर स्थानीय कमिटी के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन से जुड़े गौतम कुमार गिरि ने बताया कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है। रामनवमी के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में अष्टयाम और मेले का आयोजन वर्षों से होता आ रहा है, जिसे गांव के लोग पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में धार्मिक आस्था को मजबूत करना तथा समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना है।
पूर्व मुखिया गुड़िया देवी सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों का इस धार्मिक आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ग्रामीणों के सहयोग से यह कार्यक्रम हर वर्ष भव्य रूप में संपन्न होता है।
रामनवमी के इस पावन अवसर पर आयोजित अष्टयाम और संकीर्तन ने न केवल धार्मिक माहौल को सजीव किया है, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को भी सुदृढ़ किया है। आयोजन के समापन पर हवन एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।


























