समेली /कटिहार-समेली प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय विष्णुचक के प्रांगण में शनिवार को सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना था।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक केशव कुमार मंडल ने की।
उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षक अक्षय कुमार ने छात्र-छात्राओं को सभी प्रकार के योगासन का विशेष प्रशिक्षण दिया। बच्चों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन एवं प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में बच्चों को आपदा के समय सतर्क रहने, आग लगने की स्थिति में बचाव, भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर जाने तथा सड़क सुरक्षा के नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और धैर्य से काम लेना चाहिए। साथ ही प्राथमिक उपचार फर्स्ट एड की भी जानकारी दी गई।
इस मौके पर चंदेश कुमार चंदन, अक्षय कुमार, नकुल कुमार, प्रिंस कुमार, सुभाष कुमार, राकेश कुमार दास, शिवानी प्रिया, निर्मला कुमारी, चंद्रावती कुमारी सहित शिक्षक शिक्षिका मौजूद रहे।




























