गम्हरिया कुट्टी हाट में दो दिवसीय भव्य सत्संग का शुभारंभ, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल।

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हवाकोल पंचायत स्थित गम्हरिया कुट्टी हाट में शनिवार से दो दिवसीय भव्य सत्संग कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हुआ। श्री श्री 108 स्वामी शिव नारायण संत समाज सत्संग समिति के तत्वावधान में आयोजित इस जिला अधिवेशन में पहले दिन ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर सत्संग का श्रवण करते नजर आए।

पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं संत-महात्माओं के स्वागत के साथ हुआ। सत्संग में मुख्य प्रवचनकर्ता के रूप में पधारे विश्व धर्म गुरु अमरजीत साहब जी महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचन में मानव जीवन के महत्व, सत्कर्म, सेवा और आपसी प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “मनुष्य जीवन दुर्लभ है। इसे ईश्वर भक्ति, सेवा और समाज कल्याण में लगाना ही सच्ची साधना है।

जब तक मन में द्वेष, ईर्ष्या और अहंकार रहेगा, तब तक शांति संभव नहीं है। सत्संग से मन निर्मल होता है और जीवन को सही दिशा मिलती है।”अमरजीत बाबा ने आगे कहा कि वर्तमान समय में समाज को आध्यात्मिक जागरण की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे नशा, हिंसा और भटकाव से दूर रहकर संस्कार और धर्म के मार्ग पर चलें।

“सत्संग केवल कथा सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आत्मपरिवर्तन का अवसर है,” उन्होंने कहा। उनके प्रेरणादायक विचारों को श्रद्धालुओं ने ध्यानपूर्वक सुना और बीच-बीच में जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठता रहा।कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य खोशी देवी, जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार मांझी, स्थानीय मुखिया विशेश्वर प्रसाद शाह एवं उप मुखिया संतोष कुमार विश्वास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की और आयोजन समिति की सराहना की।सत्संग में दूर-दराज से पहुंचे विभिन्न संत-महात्माओं एवं बाबाओं ने भी अपने-अपने प्रवचन से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया। भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्ति रस की धारा बहती रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।

आयोजकों ने बताया कि यह दो दिवसीय जिला अधिवेशन शनिवार और रविवार तक चलेगा। रविवार को भी प्रातःकालीन आरती, प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं सामूहिक प्रसाद वितरण का कार्यक्रम निर्धारित है। आयोजक समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से सत्संग में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ उठाने की अपील की है। गम्हरिया कुट्टी हाट में आयोजित इस भव्य सत्संग ने क्षेत्र में धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। श्रद्धालुओं का उत्साह और अनुशासन आयोजन की सफलता को दर्शाता है। स्थानीय प्रशासन एवं समिति के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से हो रहा हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई