विदाई समारोह का हुआ आयोजन, प्रधानाध्यापक अनूप कुमार दास को दी गई भावभीनी विदाई

SHARE:

विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाकपोखर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, धाधर में शनिवार को प्रधानाध्यापक अनूप कुमार दास के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं,जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण एक ओर भावुक तो दूसरी ओर उत्साहपूर्ण रहा।


कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण के साथ हुई। मंच संचालन उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुहिया रहमतपुर के प्रधानाध्यापक नंदकुमार ने प्रभावशाली ढंग से किया। उन्होंने अपने संबोधन में श्री दास के शैक्षणिक योगदान और उनके कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने निरंतर प्रगति की है।

इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि अकमल समसी ने कहा कि प्रधानाध्यापक अनूप कुमार दास ने शिक्षा के क्षेत्र में जो अहम योगदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति एक जिम्मेदारी से मुक्ति अवश्य है, लेकिन समाज के प्रति उनकी भूमिका अब और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

उनके अनुभव और मार्गदर्शन की समाज को आगे भी आवश्यकता रहेगी।प्रखंड क्षेत्र से आए शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने श्री दास को बुके, माला एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। छात्र-छात्राओं ने भी अपने प्रिय प्रधानाध्यापक को माला पहनाकर तथा उपहार प्रदान कर सम्मान दिया।


वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि श्री दास ने अपने कार्यकाल के दौरान विद्यालय में शैक्षणिक अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया।शिक्षकों ने बताया कि श्री दास का व्यक्तित्व सरल, सौम्य और प्रेरणादायक रहा है। वे सदैव शिक्षकों और विद्यार्थियों के हित में निर्णय लेते थे तथा विद्यालय के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। उनके कार्यकाल में विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ अनुशासन और नैतिक मूल्यों को भी विशेष महत्व दिया गया।


छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने प्रिय प्रधानाध्यापक को भावभीनी विदाई दी।
अपने संबोधन में अनूप कुमार दास ने विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यहां बिताया गया समय उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय अध्याय रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सीख देते हुए जीवन में ऊंचाइयों को छूने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई