ट्रक में तहखाना बना छिपा ले जा रहे थे गांजे की खेप,
गलगलिया/दिलशाद
किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के तस्करों के विरूद्ध लगातार अभियान चलाकर वाहनों की जाँच/चेकिंग की जा रही इसी क्रम गलगलिया पुलिस ने बड़ी कारवाई करते हुए गलगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मद्य निषेध चेकपोस्ट के समीप एनएच 327 ई पर चेकिंग के दौरान बंगाल की तरफ से आ रही एक सीमेंट लदे ट्रक से भारी मात्रा में गांजा की खेप के साथ वाहन सवार दो लोगों को अपने हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक असम नंबर ट्रक में असम से एनएच 327 ई होकर गलगलिया के रास्ते भारी मात्रा में गांजा की खेप को ट्रक में छिपा कर बिहार लाया जा रहा है। जो अररिया की ओर जाएगा। वहीँ इस सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी-2 ठाकुरगंज मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार द्वारा पुलिस जवान की एक टीम गठित कर चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त मद्यनिषेध टीम और मजिस्ट्रेट के साथ मिलकर बंगाल की ओर से आने वाली सभी वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही थी।
इसी क्रम में बंगाल की ओर से आ रही एक असम नंबर ट्रक जिसका रजिस्ट्रेशन नं- AS01FC2576 को रोका गया जिसमें ऊपर से सीमेंट लदा हुआ दिखाई दिया। वहीँ पुलिस द्वारा ट्रक चालक से पूछ-ताछ करने पर संदेह हुआ तो प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट के समक्ष ट्रक की सघन तलाशी ली गई तलाशी के दौरान ट्रक में लदे सीमेंट के नीचे ट्रक में विशेष रूप से बनाये गये तहखाने से छुपाकर रखा गया 39 पैकेट में कुल 246 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। जिसका अनुमानित बाजार मूल्य एक करोड़ तेईस लाख रुपये है।
जिसके बाद पुलिस द्वारा मौके से चालक और सह-चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं थानाध्यक्ष राकेश कुमार के द्वारा दोनों आरोपी चालक और सह-चालक से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना नाम मो० इम्तियाज जमील पिता-मो० जामिल ग्राम- पिपरौलिया थाना-झंझारपुर जिला मधुबनी एवं दूसरा विजय कुमार ठाकुर पिता रामबहादुर ठाकुर ग्राम-रामनगर थाना-फुलपरास जिला मधुबनी, बिहार के रूप में बताया है। जिसके बाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार के द्वारा दोनों आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस के एक्ट के तहत थाना कांड संख्या 17/26 दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी में जुटी हुई है।


























