मिथिला हाट के तर्ज पर सुरजापुरी हाट के रुप में विकसित करने को लेकर डीएम से मिलें पूर्व विधायक संवाददाता। किशनगंज
संवाददाता। किशनगंज
जिले की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक कोचाधामन मुजाहिद आलम ने शुक्रवार को डीएम विशाल राज से उनके कार्यालय में मिलकर मांगपत्र सौंपा।जिला पदाधिकारी ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पूर्व विधायक कोचाधामन मुजाहिद आलम ने अगस्त 2024 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर किशनगंज -अररिया जिला सीमा पर अवस्थित एनएच 327 ई से सटे 55.39 एकड़ में फैले शीतल नगर झील को मधुबनी जिला के मिथिला हाट के तर्ज पर सुरजापुरी हाट पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का आग्रह किया था।
मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश पर जिला पदाधिकारी किशनगंज ने अपने पत्रांक 93 दिनांक 14-01-2025 को उक्त झील को मिथिला हाट के तर्ज पर सुरजापुरी हाट के रुप में विकसित करने का प्रस्ताव पर्यटन विभाग, बिहार सरकार को भेजा गया था। उक्त प्रस्ताव में 10 एकड़ रैयती जमीन को अधिग्रहण भी शामिल था,जिस कारण विभाग से अनुमोदन नहीं हो पा रहा था।
इस संबंध में पूर्व विधायक कोचाधामन मुजाहिद आलम ने अपने पत्रांक 15/2026 द्वारा सूचित किया कि उक्त झील से सटे मौजा अंधासुर, ग्राम टंगी खाता नंबर 327,खेसरा नंबर 118,122,155,166,188 में लग भग 20-25 एकड़ बिहार सरकार की जमीन है,जिससे सरकार को शीतल नगर झील को सुरजापुरी हाट पर्यटक स्थल के रुप में विकसित करने में और रैयती जमीन अधिग्रहित नहीं करने की आवश्यकता पड़ेगी।
जिला पदाधिकारी ने जांच कर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। साथ में किशनगंज -बहादुरगंज सड़क के समानांतर एन एच बाई पास निर्माण के कारण धूल डस्ट उड़ने से मोटरसाइकिल, साईकिल,टोटो, टेम्पो एवं अन्य वाहन चालकों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। उक्त मार्ग पर निर्माण कम्पनी को रोजाना पानी पटवन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है ताकि लोगों को आवागमन में कोई कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।


























