ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
सशस्त्र सीमा बल की 19वीं वाहिनी द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को ठाकुरगंज क्षेत्र में नि:शुल्क मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती चूर्ली गाँव में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का संचालन 19वीं वाहिनी के निर्देशन में तथा सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी से आए विशेषज्ञ चिकित्सकीय दल के नेतृत्व में किया गया। शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ पशुओं की जांच, उपचार और आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया गया।
चिकित्सा टीम ने पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, स्वच्छता, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य पशुधन की गुणवत्ता सुधारकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना भी रहा।
शिविर के दौरान कुल 185 मानव रोगियों तथा 186 पालतू पशुओं (गाय, बकरी, कुत्ता, सूअर, मुर्गी आदि) की जांच की गई, जिससे 77 पशुपालक परिवार सीधे लाभान्वित हुए।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा जताई। बल के अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में जन-कल्याण और सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।
यह आयोजन सेवा, सहकार और मानवीय संवेदनाओं का एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।
कुलभूषण सिंह



























