पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा
किशनगंज /सागर चन्द्रा
टाउन थाना क्षेत्र के लालबाड़ी गांव मे एक महिला का संदिग्ध परिस्थिति में फांसी के फंदे से लटका शव मिला। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतका की पहचान दौला पंचायत के लालबाड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय सुंदरी देवी पति सहदेव लाल के रुप में की गई है। घटना के बाद ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गये। जिससे पुलिस की शक की सुई ससुराल वालों पर जा टिकी है। वहीं ग्रामीणों ने बताया मृतका सुंदरी देवी की शादी पांच वर्ष पूर्व सहदेव लाल के साथ हुई थी।
जिससे उसे दो संतान भी है। मृतका का पति सहदेव पंजाब में रहकर मजदूरी करता है। मृतका अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल में ही रहती थी। जबकि मृतका का मायके बंगाल के चाकुलिया थाना क्षेत्र में है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मृतका सुंदरी देवी का अक्सर ससुराल वालों से विवाद होता था।
ससुराल वाले उसे संदेह के नजर से देखते थे। हालांकि सुंदरी की मौत हत्या या आत्महत्या इसकी जांच की जा रही है। टाउन थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह ने बताया कि महिला का शव संदेहास्पद स्थिति में बरामद किया गया है। पुलिस मामले का जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।
