महिला का पति पंजाब गया था कमाने
महिला को ससुराल वालों ने घर से निकाला
किशनगंज /सागर चन्द्रा
पति के रोजगार के सिलसिले में पंजाब जाने के बाद ससुराल में एकाकी जीवन व्यतीत कर रही महिला को प्रेमजाल में फांस कर युवक द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। लगातार दुष्कर्म के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई। जिसकी जानकारी मिलते ही ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। घटना के बाद पीड़िता ने जब युवक पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। जिससे पीड़िता की गांव समाज में काफी बदनामी होने लगी।
आखिरकार घटना से हैरान और परेशान पीड़िता शनिवार को न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंची। जहां पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार कोचाधामन थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता का पति छह माह पूर्व रोजगार की तलाश में पंजाब चला गया था।
इसी दौरान एक दिन कोचाधामन थाना क्षेत्र के गोहास टोला गांव निवासी मो शकील पिता सेफुल खान ने उसे अकेली देख चाकू की नोंक पर जबरण दुष्कर्म किया। घटना के बाद शकील ने उसे शादी करने का झांसा दिया। एकाकी जीवन व्यतीत कर रही पीड़िता शकील के झांसे में आ गई। जबकि इसका फायदा उठाकर शकील लगातार दुष्कर्म करने लगा। नतीजतन पीड़िता गर्भवती हो गई।
पति की अनुपस्थिति में पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी मिलते ही ससुराल वालों ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया। ससुराल वाले उसे साथ लेकर आरोपी शकील के घर पहुंचे। लेकिन आरोपी के परिजनों ने उन्हें मारपीट कर भगा दिया। घटना के बाद ससुराल वालों द्वारा घर से निकाले जाने के बाद उसने मायके में शरण ले ली। मामले को लेकर गांव में कई बार पंचायती भी की गई। लेकिन आरोपी के परिजनों ने पंचायती में भाग लेना भी मुनासिब नहीं समझा। नतीजतन शनिवार को वह न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंच गई।
